Ranchi : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 3000 करोड़ के बहुचर्चित टेंडर घोटाले के मुख्य अभियुक्त पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से बेल मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा पटाखे फोड़ना, नाच गाना और उत्सव मनाना नैतिक पतन का बड़ा उदाहरण है. हद तो तब हो गई जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और उनके सहयोगियों ने जिस प्रकार बेल उत्सव मनाया, उससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार शर्म का नहीं बल्कि जश्न का विषय बन चुका है. बेल को कांग्रेस बाइज्जत बरी की तरह प्रस्तुत कर रही है. जबकि देश की जनता जानती है कि बेल न्यायिक प्रक्रिया का एक हिस्सा है, भ्रष्टाचार मुक्त होने का प्रमाणपत्र नहीं.
जहां घोटाला, वहां शर्म नहीं बल्कि जश्न मनेगा
गठबंधन की सरकार ने शायद नया नारा बना लिया है, जहां घोटाला, वहां शर्म नहीं बल्कि जश्न मनेगा. आज झारखंड की स्थिति यह है कि गांवों में पेयजल योजनाएं दम तोड़ चुकी हैं. करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद लोग बूंद-बूंद पानी के लिए भटक रहे हैं. कई जलमीनार शोपीस बन चुके हैं. स्वास्थय विभाग की हालत इतनी बदतर है कि जिला अस्पतालों में डॉक्टर, दवा और उपकरणों का भारी अभाव है.

राहुल गांधी स्पष्ट करें
प्रतुल ने कहा कि राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वो 3000 करोड़ के टेंडर घोटाले को उपलब्धि मानते है? क्या उनके युग में कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति है कि जनता के पैसे की लूट पर जश्न मनाया जाए? झारखंड की जनता सब देख रही है. जनता को अब समझ में आ चुका है कि यह गठबंधन सरकार विकास नहीं, कमीशन, करप्शन और कलेक्शन के मॉडल पर चल रही है. आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इस भ्रष्ट और संवेदनहीन राजनीति का जवाब देगी.
