Bokaro: बेरमो पुलिस मुख्यालय और बोकारो पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के आलोक में बुधवार को बोकारो थर्मल थाना पुलिस की ओर से स्कूली बच्चों के लिए एक विशेष पहल की गई. स्थानीय इंडियन स्कूल ऑफ लर्निंग में स्कूली बच्चों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा,साइबर अपराध से बचाव और नशा मुक्ति के प्रति विद्यार्थियों को सचेत करना था. कार्यक्रम का शुभारंभ बोकारो थर्मल थाना के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव तथा विद्यालय के प्राचार्य मनीष आनंद द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया. शिविर को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव ने मुख्य रूप से नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को यातायात नियमों की बारीकियों से अवगत कराया.
नाबालिक को वाहन नहीं चलाने की दी हिदायत
उन्होंने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि नाबालिग बच्चे किसी भी स्थिति में दोपहिया वाहन न चलाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान कोई नाबालिग वाहन चलाते पकड़ा जाता है, तो उसके अभिभावकों के विरुद्ध भारी आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है. उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि बालिग होने के बाद ही वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के संपूर्ण दस्तावेजों के साथ हेलमेट पहनकर सड़कों पर निकलें. साथ ही बच्चों को प्रेरित किया गया कि वे अपने घर के बड़ों को भी हेलमेट और सुरक्षा मानकों के पालन के लिए प्रोत्साहित करें. यातायात नियमों के अतिरिक्त इंस्पेक्टर ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने छात्र-छात्राओं को एंड्रॉइड मोबाइल और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के तरीके बताए. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अनजान लिंक को न तो क्लिक करें और न ही उसे साझा करें, क्योंकि साइबर ठगों ने ठगी के कई नए तरीके ईजाद कर लिए हैं.उन्होंने सुरक्षा मंत्र देते हुए कहा कि यदि कोई साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है,तो बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें.

सुरक्षा पर विशेष जोर
इसके अलावा,छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में तत्काल मदद के लिए 112 नंबर डायल करें,और थाना को भी सूचना साझा करें.शिविर के दौरान पुलिस अधिकारी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी प्रहार किया और इसके घातक सामाजिक व शारीरिक परिणामों से बच्चों को रूबरू कराया. कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य मनीष आनंद द्विवेदी ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे, जिन्होंने इन नियमों के पालन का संकल्प लिया.
AlsoRead:बरियातू से बूटी मोड़ तक चला निगम का बुलडोजर अभियान, अवैध कब्जों पर कार्रवाई
