Ranchi: शहर के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों को बेहतर सुविधा और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू 20 मई को रांची पहुंचेंगे, जहां एयरपोर्ट परिसर में विकसित कई नई सुविधाओं का उद्घाटन किया जाएगा.
कई नई सुविधाओं का होगा उद्घाटन
इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में स्थापित नवनिर्मित बिरसा मुंडा प्रतिमा, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, उड़ान यात्री कैफे, स्थानीय कलाकारों और हस्तशिल्प स्टॉल तथा फ्लाई बरारी सहित विभिन्न आकर्षणों का लोकार्पण किया जाएगा. खास बात यह है कि उड़ान यात्री कैफे में यात्रियों को मात्र 10 रुपये में चाय और कॉफी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

Also Read: फ्लाईओवर पर सजी झारखंड की सांस्कृतिक पहचान, सोहराय पेंटिंग से मिला नया रंग
तैयारियों का लिया गया जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ गुरुवार को एयरपोर्ट पहुंचे. उन्होंने सभी निर्माण कार्यों और स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
निरीक्षण के दौरान श्री संजय सेठ ने कहा कि इन नई सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर बेहतर अनुभव मिलेगा. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार नए प्रयास किए जाएंगे, ताकि रांची एयरपोर्ट आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ झारखंड की कला, संस्कृति और पहचान का भी केंद्र बन सके.
