Tamad: रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिरगांव पंचायत अंतर्गत जनकपुर गांव के समीप एक लकड़बग्घे ने अचानक एक व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
घायल व्यक्ति की पहचान जनकपुर निवासी घासीराम महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घासीराम महतो पास स्थित वन विभाग की नर्सरी में देखभाल का कार्य करते हैं. रोज की तरह वह सुबह नर्सरी से काम खत्म कर वापस गांव लौट रहे थे, इसी दौरान गांव के समीप झाड़ियों से निकले लकड़बग्घे ने उन पर अचानक हमला बोल दिया.
ग्रामीणों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लकड़बग्घा ने घासीराम पर बेहद आक्रामक तरीके से हमला किया, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह घायल को बचाया गया. ग्रामीणों की मदद से घायल घासीराम महतो को तत्काल तमाड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर कई गहरे जख्म हैं.

वन विभाग ने परिजनों को दी आर्थिक सहायता राशि
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. विभाग की ओर से घायल के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई. वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है. इस घटना के बाद जनकपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ गई है.
