Palamu: उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय सभाकक्ष में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को लेकर सभी ईआरओ एवं एईआरओ के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के विवरण के आधार पर वर्ष 2026 की मतदाता सूची के लिये किये जा रहे मैपिंग कार्य की जानकारी ली.
उन्होंने मतदाताओं को विभिन्न श्रेणियों में चिन्हित करने, एएसडीडी मतदाताओं की सूची तैयार करने तथा पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की समीक्षा की. बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण,हाउस/नोटेशनल हाउस नंबरिंग कार्य, बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर स्टिकर लगाने की प्रगति तथा कार्य पूर्णता प्रतिशत की भी समीक्षा की गयी.

निर्धारित समय के अंदर कार्य पूर्ण करने का निर्देश
पलामू उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने एवं मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का निर्देश दिया. इसके अलावा बैठक में डेमोग्राफिकली सिमिलर एंट्रीज के सत्यापन एवं निष्पादन की प्रगति पर भी चर्चा की गयी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके.
