Hazaribagh: वैश्विक ऊर्जा संकट और ऊर्जा संरक्षण को लेकर भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत डीवीसी कोनार प्रबंधन ने अनोखी पहल करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ “पैदल कार्यालय पहुंचो” अभियान चलाया. इस दौरान डीवीसी कोनार के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आईबी परिसर से मुख्य कार्यालय तक पैदल पहुंचे और कार्य समाप्ति के बाद पुनः पैदल ही अपने आवास लौटे.
बताया गया कि ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार के अवर सचिव द्वारा जारी पत्र के माध्यम से सभी सार्वजनिक उपक्रम (पीएसयू) कंपनियों को सप्ताह में एक दिन “वर्क फ्रॉम होम” तथा ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में डीवीसी कोनार प्रबंधन ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा ऊर्जा बचत का संदेश देने के उद्देश्य से यह पहल की.

देश में ऊर्जा संकट गंभीर चुनौती: परियोजना प्रमुख
इस अवसर पर कोनार परियोजना प्रधान राणा रंजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है. ऐसे में ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी.
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री द्वारा ऊर्जा बचत और संसाधनों के संरक्षण को लेकर दिए गए संदेश से प्रेरित होकर डीवीसी कोनार परिवार ने यह कदम उठाया है.
छोटे प्रयासों से ही बदलाव संभव
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव संभव हैं. यदि लोग सप्ताह में एक दिन भी अनावश्यक ईंधन खर्च से बचें, तो इससे ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है.
डीवीसी कर्मियों की इस पहल को स्थानीय लोगों ने भी सराहनीय बताया. लोगों का कहना है कि ऊर्जा संकट के दौर में इस तरह की जागरूकता और जिम्मेदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है. यह पहल न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत का संदेश देती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देती है.
