Ranchi : में जनगणना-2027 का अहम चरण शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है. 16 मई से 14 जून 2026 तक शहर में डोर-टू-डोर मकान गणना और हाउस लिस्टिंग अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकानों, परिवारों और रहवासियों से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे.
प्रगणकों को बांटी गई आधिकारिक किट
रांची नगर निगम द्वारा जनगणना कार्य में लगे प्रवेक्षकों और प्रगणकों के बीच आधिकारिक किट का वितरण किया गया. किट में पहचान पत्र, प्रशिक्षण सामग्री, प्रपत्र, बैग, पेन और जनगणना ऐप संचालन से संबंधित दिशा-निर्देश शामिल हैं. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और गोपनीय तरीके से पूरी की जाए.

ALSO READ : मानवता दिवस पर अर्जक संघ ने लगाया रक्तदान शिविर, कई लोगों ने किया रक्तदान
स्लम और प्रवासी आबादी पर विशेष फोकस
अभियान के तहत शहर के सभी मकानों का चिन्हांकन किया जाएगा और परिवारों की प्रारंभिक सूची तैयार की जाएगी. इसके साथ ही झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों, प्रवासी आबादी और संवेदनशील इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस बार डिजिटल प्रणाली और ऐप आधारित निगरानी के जरिए जनगणना कार्य पहले से अधिक सटीक और व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा.
भविष्य की योजनाओं की बुनियाद है जनगणना
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने का कार्य नहीं है, बल्कि यह भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की बुनियाद तैयार करती है. उन्होंने सभी कर्मियों से मिशन मोड में कार्य करने की अपील की.
ALSO READ : प्रशासन की कार्यशैली के खिलाफ व्यापारियों की बैठक, आंदोलन और सड़क जाम की चेतावनी
लोगों को सतर्क रहने की अपील
नगर निगम ने नागरिकों से सतर्क रहने की भी अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणनाकर्मी किसी भी व्यक्ति से बैंक विवरण, ओटीपी या वित्तीय जानकारी नहीं मांगेंगे.जिन लोगों ने पहले ही स्वयं गणना प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें केवल अपना एसई-आईडी साझा करना होगा. साथ ही नागरिकों से क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्र देखकर ही जानकारी देने को कहा गया है.
ALSO READ : प्रशासन की कार्यशैली के खिलाफ व्यापारियों की बैठक, आंदोलन और सड़क जाम की चेतावनी
