Saraikela: राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
औचक निरीक्षण किया
कार्यक्रम के उपरांत हरेलाल महतो ने अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया तथा अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि डॉक्टर हमारे समाज में भगवान का दूसरा स्वरूप हैं. मानव सेवा में उनका योगदान अतुलनीय है और राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है. हरेलाल महतो ने अस्पताल में चिकित्सकों की भारी कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में पूरा अनुमंडल अस्पताल मात्र एक डॉक्टर के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए अविलंब कम-से-कम चार से पांच चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें.

बेहतर उपचार मिल सके
उन्होंने बताया 23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए अनुमंडल अस्पताल भवन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भवन तैयार होने के बावजूद वर्षों से उसका समुचित संचालन नहीं हो पाया है. लगातार टेंडर और मरम्मत कार्य होना सरकार की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. उन्होंने सरकार से शीघ्र अस्पताल भवन को पूर्ण रूप से चालू कर क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. हर लाल महतो ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है. स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र की जनता को समय पर बेहतर उपचार मिल सके.
AlsoRead:पाकुड़: पारिवारिक रिश्ता हुआ शर्मसार, अपनी बहन के साथ कर रहा था यौन शोषण


