Ranchi: कोकर के खोरहा टोली से लापता 18 माह की अदिति पांडेय के संबंध में आठ दिन बीत जाने के बाद भी कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला है. पुलिस नाला की खाक छानने और CCTV फुटेज खंगालने में लगी हुई है. फिर भी कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है. अब अदिति की मां की आंखों के आंसू भी सूख चले हैं. बेटी के इंतजार में उनकी आंखें भी पथरा गई हैं. बेटी की तोतली जुबान से बोली गई बातों को याद कर वह अनायास ही पागलों की तरह बेचैन हो जाती हैं और अचानक रोने लगती हैं. घरवालों का कहना है कि पुलिस अपना काम कर रही है. घरवालों ने बताया कि वे लोग सीएम और डीजीपी से मिलकर सभी स्तर पर तलाश की गुहार लगाएंगे. इस संबंध में सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि कई टीमें झारखंड ही नहीं, अन्य प्रदेशों में भी गई हुई हैं, लेकिन अब तक कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है.
बुधवार को कोकर चौक किया गया था जाम
अदिति की सकुशल बरामदगी को लेकर कोकर के खोरहा टोली के लोगों ने बुधवार को कोकर चौक जाम कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित लोगों के साथ अदिति के परिजन भी उपस्थित थे. परिजनों का कहना है कि अदिति के नाला में बहने की बात बिल्कुल निराधार है. हालांकि पुलिस को नाला से हड्डियां मिली थीं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है. हालांकि प्रथम दृष्टया उसे जानवर की हड्डी बताया गया है. इधर घरवालों का कहना है कि अदिति का अपहरण हुआ है. नेशनल हाईवे होने के कारण कोकर रोड में वाहनों का दबाव अधिक रहता है. इधर जानकारी मिलने पर सदर थाना और ट्रैफिक पुलिस भी जाम स्थल पर पहुंची. प्रदर्शनकारियों की बस एक ही मांग है कि अदिति को सकुशल बरामद किया जाए.

पूजा-पाठ और हवन का सहारा
बताते चलें कि अदिति की बरामदगी को लेकर उसके घर में पोस्टर लगाकर परिजन पूजा-पाठ भी कर रहे हैं. इस दौरान हवन आदि भी किया जा रहा है. नौ मई की शाम साढ़े चार बजे से अदिति पांडेय लापता है. अभी तक उसका कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला है. हालांकि पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं. अदिति के परिजन ही नहीं, पूरे मोहल्ले के लोग उसकी सकुशल बरामदगी के लिए प्रयास कर रहे हैं और अपने स्तर से पूजा-पाठ भी कर रहे हैं.
परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
इधर परिजनों का कहना है कि पुलिस नाले में बहने की आशंका जता रही है, जबकि नाले में बहने का कोई भी सुराग अब तक नहीं मिला है. परिजनों ने बच्ची के अपहरण की आशंका जताई है. मंगलवार को अदिति का शव मिलने का दावा पुलिस ने किया था, जबकि जो मांस और हड्डी मिला था, पोस्टमार्टम में उसे देखकर बताया गया कि वह हड्डी किसी जानवर की है.
