Ranchi: रांची यूनिवर्सिटी ने ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर नई पहल शुरू की है. प्रधानमंत्री द्वारा 7 मई 2026 को राष्ट्र के नाम संबोधन में ईंधन और ऊर्जा बचाने की अपील के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं. विश्वविद्यालय की कुलपति ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे ऊर्जा बचत को केवल नियम नहीं बल्कि अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं. जारी SOP में साफ कहा गया है कि छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल और पैदल चलने को प्राथमिकता दी जाए.

चार पहिया वाहनों के उपयोग को कम करने पर जोर
विश्वविद्यालय प्रशासन ने चार पहिया वाहनों के उपयोग को कम करने पर भी जोर दिया है. कर्मचारियों और शिक्षकों को कारपूलिंग अपनाने, एक ही वाहन से आने-जाने और विभागवार कारपूल समूह बनाने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही जहां संभव हो इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही गई है. नई व्यवस्था के तहत परिसर में अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने, इंतजार के दौरान वाहन का इंजन बंद रखने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. इसके अलावा प्रशासनिक बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करने पर भी जोर दिया गया है ताकि ईंधन और संसाधनों की बचत हो सके.
यह भी पढ़ें: कोडरमा में अगवा कर हत्या करने के आरोपी को आजीवन कारावास की सजा
