Saraikela: जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर उच्च माध्यमिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने क्षेत्र में शिक्षा सुधार और झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) से संबद्ध प्लस टू विद्यालय की मांग को लेकर पहल शुरू की है.
DEO को सौंपा गया मांग पत्र
इस संबंध में अध्यक्ष श्री चौधरी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), सरायकेला-खरसावां को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा है. इस ऐतिहासिक पहल का मुख्य उद्देश्य सरायकेला नगर पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण और उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराना है.

शिक्षा सबसे बड़ा निवेश: मनोज कुमार चौधरी
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा निवेश है. सरायकेला के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण उच्च माध्यमिक शिक्षा मिलनी चाहिए, ताकि वे अपने संसाधनों की कमी के कारण सपनों से समझौता न करें.
Also Read: रांची में ईशान किशन का नया आशियाना, अब बनेंगे धोनी के पड़ोसी
बाहर पढ़ाई के लिए भटकने को मजबूर छात्र
अध्यक्ष श्री चौधरी ने क्षेत्र की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सरायकेला जैसे ऐतिहासिक और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में आज भी JAC संबद्ध प्लस टू विद्यालय की भारी कमी है. इसके कारण मैट्रिक के बाद सैकड़ों छात्र-छात्राओं को विज्ञान, वाणिज्य और कला की पढ़ाई के लिए जमशेदपुर, चाईबासा या रांची जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है.
गरीब परिवारों और बेटियों पर बढ़ता असर
उन्होंने कहा कि बाहर पढ़ाई का खर्च वहन नहीं कर पाने के कारण कई प्रतिभावान बच्चे, खासकर बेटियां, 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं. स्थानीय स्तर पर प्लस टू स्कूल खुलने से न सिर्फ ड्रॉपआउट रेट घटेगा, बल्कि बेटियों की शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा.
डीईओ ने सकारात्मक कार्रवाई का दिया भरोसा
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मांग पत्र मिलने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि सरायकेला नगर पंचायत की मांग जायज है. प्रस्ताव को विभागीय प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार को भेजा जाएगा. छात्र हित में जल्द सकारात्मक कार्रवाई की कोशिश होगी.
स्थानीय लोगों ने किया पहल का स्वागत
स्थानीय अभिभावकों और छात्र संगठनों ने नगर पंचायत अध्यक्ष की इस पहल का स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि अगर सरायकेला में JAC बोर्ड से संबद्ध प्लस टू स्कूल खुलता है, तो यह क्षेत्र के लिए शिक्षा क्रांति साबित होगा.
