Ranchi: राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और रात के समय पुलिस की सक्रियता जांचने के लिए एसएसपी राकेश रंजन खुद रविवार की देर रात सिविल ड्रेस में निकल पड़े. एसएसपी ने सिटी एसपी पारस राणा के साथ मिलकर राजधानी के कई प्रमुख थानों का औचक निरीक्षण किया. इस औचक निरीक्षण से थाना परिसरों में हड़कंप मच गया.

थानों की सतर्कता और कार्यप्रणाली की जांच:
एसएसपी राकेश रंजन और सिटी एसपी पारस राणा आधी रात के बाद अचानक कोतवाली, अरगोड़ा और सुखदेवनगर समेत कई अन्य थानों में पहुंचे. इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह देखना था, कि रात के समय थानों में पुलिसकर्मी कितने अलर्ट हैं और आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो रही है या नहीं, निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने देखा कि थाने में तैनात अधिकारी और जवान अपने कर्तव्य पर मौजूद हैं या नहीं, थानों के सनहा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रख-रखाव को देखा गया, रात में गश्ती गाड़ियां रूट पर सक्रिय हैं या नहीं, इसकी लाइव लोकेशन और रिपोर्ट जांची गई.


एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश:
निरीक्षण के बाद एसएसपी राकेश रंजन ने थानों में मौजूद पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि रात के समय पुलिस की मुस्तैदी दोगुनी होनी चाहिए ताकि अपराधी किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सकें. थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाएं.

गश्ती तेज करने का आदेश:
एसएसपी ने सिटी एसपी को भी निर्देश दिया कि वे लगातार रात की गश्ती की मॉनिटरिंग करें. पीसीआर और बाइक प्रहरियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार राउंड लगाने को कहा गया है, ताकि राजधानी के नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे.

