हजारीबाग झील क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार की पहल, पार्किंग व्यवस्था और दुकान शिफ्टिंग की तैयारी

Hazaribagh: शहर की लाइफलाइन और प्रमुख पहचान मानी जाने वाली हजारीबाग झील के आसपास अब लोगों को रोजाना लगने वाले महाजाम से...

Hazaribagh: शहर की लाइफलाइन और प्रमुख पहचान मानी जाने वाली हजारीबाग झील के आसपास अब लोगों को रोजाना लगने वाले महाजाम से मुक्ति मिलने वाली है. झील क्षेत्र में लगातार बढ़ती भीड़, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात की गंभीर समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है. इसी सिलसिले में नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ झील क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया और वस्तुस्थिति का जायजा लेकर कई अहम निर्देश जारी किए.

व्यवस्थित पार्किंग जोन होगा विकसित

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि झील क्षेत्र में वाहनों के लिए कोई निश्चित और उचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम के समय स्थिति बेहद खराब हो जाती है. पर्यटक और स्थानीय लोग सड़कों पर ही वाहन पार्क कर देते हैं, जिससे घंटों जाम लगा रहता है. नगर आयुक्त ने यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए तत्काल प्रभाव से व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित करने का ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया है. नई व्यवस्था लागू होने से सैलानियों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी.

Also Read: झारखंड पुलिस : सैकड़ों कर्मियों को मिला आर्थिक लाभ, मृत और सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी मिला हक

शिफ्ट होंगी सड़क किनारे की मछली दुकानें

यातायात को सुगम बनाने के लिए नगर निगम एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है. झील के सड़क किनारे अवैध और अव्यवस्थित रूप से लगने वाली मछली दुकानों को अब दूसरे चिन्हित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक, इन दुकानों के कारण न सिर्फ ट्रैफिक प्रभावित होता है, बल्कि झील क्षेत्र की सुंदरता और स्वच्छता पर भी बुरा असर पड़ता है. दुकानों के स्थानांतरण के बाद सड़क चौड़ी और साफ नजर आएगी, जिससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के हो सकेगी. नगर आयुक्त ने कहा कि हजारीबाग झील हमारे शहर की पहचान और गौरव है. यहां की सुंदरता, साफ-सफाई और बेहतर यातायात व्यवस्था को बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्ययोजना पर अमल करने का निर्देश दिया गया है ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खुशी

नगर निगम की इस पहल का स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने स्वागत किया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि शाम के वक्त झील क्षेत्र में पैर रखने तक की जगह नहीं होती थी. यदि पार्किंग और दुकानों का प्रबंधन सही तरीके से हो जाता है, तो यहां आने वाले पर्यटकों को सहूलियत होगी और हजारीबाग की छवि भी सुधरेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *