Bokaro : मधुकरपुर का माहौल मंगलवार को भावनाओं से भर उठा, जब सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय अनूप स्वर्णकार की चतुर्थ पुण्यतिथि पर लोगों ने उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किया. राजेंद्र इंडेन गैस ग्रामीण वितरक कार्यालय परिसर में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि अनूप के अधूरे सपनों को पूरा करने का दृढ़ संकल्प भी देखने को मिला. सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन और पुष्प अर्पण के साथ हुई. लेकिन जैसे-जैसे लोग अनूप को याद करने लगे, माहौल और भी भावुक होता चला गया. हर किसी की जुबान पर उनकी सादगी, सेवा और समर्पण की कहानियां थीं. अनूप के पिता राजेंद्र स्वर्णकार ने बेटे को याद करते हुए कहा कि “अनूप ने बहुत कम समय में समाजसेवा के जरिए लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बना ली थी.” उन्होंने बताया कि कसमार, पेटरवार और जरीडीह प्रखंड में अनूप की पहचान एक ऐसे युवा के रूप में थी, जो हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहता था. उन्होंने यह भी कहा कि अनूप का अचानक जाना परिवार और समाज दोनों के लिए एक बड़ी क्षति है, लेकिन उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का प्रयास लगातार जारी है. “हम सब मिलकर उसके सपनों को साकार करेंगे,” यह कहते हुए उनकी आंखें नम हो गईं.

यह भी पढ़ें: कसमार में गूंजा किसानों का मुद्दा, हेमंत सरकार पर भाजपा का तीखा हमला
राजेंद्र इंडेन गैस एजेंसी के माध्यम से क्षेत्र में सेवा कार्य निरंतर जारी
इस मौके पर यह बताया गया कि राजेंद्र इंडेन गैस एजेंसी के माध्यम से क्षेत्र में सेवा कार्य निरंतर जारी है, ताकि लोगों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचती रहे और अनूप की सोच जिंदा रहे. सभा में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि अनूप भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और उनकी सेवा भावना हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा. कार्यक्रम में पंडित भीम मिश्रा, प्रकाश स्वर्णकार, संदीप महतो, पार्वती देवी, महेश कुमार, कुंती देवी, उर्मिला देवी, कौशल्या देवी, मंजू देवी, टिंकू शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: राजीव रंजन मिश्रा की गिरफ्तारी राजनीतिक साजिश, की जाएं निष्पक्ष जांचः आदित्य साहू
