Ranchi/Bokaro : बोकारो में चाय के पैसे को लेकर दलित युवक के साथ मारपीट हुई और जाति सूचक गालियां दी गई. इस संबंध में युवक ने एससी एसटी थाना में शिकायत दर्ज कराया है. शिकायत दर्ज कराकर एफआईआर करने के लिए थाना प्रभारी से अनुरोध किया है. पीड़ित युवक का नाम चंदन कुमार है. चंदन कुमार ने शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित चंदन कुमार अक्सर ईश्वर महतो की दुकान पर चाय पीता था. इसी दौरान उस पर चाय का कुल 500 रुपये बकाया हो गया था.
13 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे जब पीड़ित हवाई अड्डा और सेक्टर-2 मोड़ के बीच से गुजर रहा था, तब उसकी मुलाकात ईश्वर महतो और अन्य लोगों से हुई. उसी बीच एक दूसरे की हाल चाल पूछने की बात हुई लेकिन मामला बिगड़ गया. ईश्वर महतो से उसका हाल चाल पूछा, तो वह भड़क गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. चंदन ने जब एक हफ्ते के भीतर सारा बकाया चुकाने की बात कही, तो आरोपियों ने पटक पटक कर मारने की धमकी दी.

ईश्वर महतो ने अपनी चप्पल निकालकर पीड़ित के मुंह पर मारी और उसकी पत्नी ने उसके मुंह पर थूक दिया. वहीं, बाकी आरोपियों ने भी उसे जूते चप्पलों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी.
इस घटना के समय बृज किशोर पांडे और रौनक सिंह पीड़ित चंदन कुमार के साथ मौजूद थे. इन सभी के द्वारा बीच बचाव कर चंदन की जान बचाई गई. चंदन ने पुलिस को किये शिकायत में बताया है कि इस घटना के बाद से वो शर्मशार और अपमानित महसूस कर रहे हैं. पीड़ित चंदन कुमार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोषियों को दंडित करें.
