Hazaribagh: जिले भर में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर जनता की परेशानी अब राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है. इसी क्रम में आज बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी तथा हजारीबाग सदर विधायक ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर जिले की गंभीर बिजली समस्या को जोरदार तरीके से उठाया.

“गर्मी में बिजली गुल, जनता बेहाल”
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि हजारीबाग शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आम लोग लगातार बिजली संकट झेल रहे हैं. बार-बार बिजली कटने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, व्यापारी कारोबार नहीं चला पा रहे हैं, किसान सिंचाई संकट से जूझ रहे हैं और मरीजों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. विधायकों ने कहा कि तपती गर्मी में घंटों बिजली गायब रहने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. कई इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या इतनी गंभीर है कि पंखे और कूलर तक सही तरीके से नहीं चल पा रहे हैं. इससे जनता में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है.
“72 घंटे में व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा आंदोलन”
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 72 घंटे के भीतर हजारीबाग में 24 घंटे निर्बाध एवं सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो जनता के हित में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा बिजली विभाग के कार्यालयों और संबंधित अधिकारियों का घेराव भी किया जाएगा. इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी.
जनता की पीड़ा बन रही बड़ा मुद्दा
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर लोगों को रोजाना संघर्ष करना पड़ रहा है. शहर के कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गायब रहने से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है. बच्चों की पढ़ाई, दुकानों का कामकाज, पेयजल व्यवस्था और छोटे उद्योग तक प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर सुधार चाहती है.
Read Also: विशेष बच्चों के हुनर को मिला स्वर्णरेखा का साथ, इनर व्हील क्लब ने बिखेरे खुशियों के रंग
जीएम ने दिया आश्वासन, “युद्धस्तर पर काम जारी”
बिजली विभाग के जीएम ने समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि विभाग लगातार तकनीकी खामियों को दूर करने में जुटा है. उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले 24 घंटे के भीतर हजारीबाग में कम से कम 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. जीएम ने यह भी बताया कि अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं और व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है.
“जनहित से समझौता नहीं”
बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष जारी रहेगा और यदि जरूरत पड़ी तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा.
