हजारीबाग में सड़क से अतिक्रमण हटाएं, नहीं तो होगा सामान जब्त और 25 हजार तक जुर्माना

Hazaribagh: शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है. अभियान की शुरुआत शहर के...

Hazaribagh: शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है. अभियान की शुरुआत शहर के व्यस्ततम मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों और तालाबों के आसपास से की जा रही है.

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा निगम की टीम कार्रवाई करते हुए सामान जब्त करेगी और 25 हजार रुपये तक जुर्माना भी वसूलेगी.

नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सड़क किनारे दुकान का सामान फैलाने, सरकारी जमीन पर अवैध दुकान बनाने और तालाबों के आसपास कब्जा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

उन्होंने बताया कि अभियान शुरू करने से पहले नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न अतिक्रमित क्षेत्रों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित किया. अभियान के तहत सबसे पहले टैक्सी स्टैंड के पास से अतिक्रमण हटाया गया. साथ ही संबंधित लोगों को दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी गई है.

शहर में अतिक्रमण बना बड़ी समस्या

नगर निगम के अनुसार हजारीबाग शहर में अतिक्रमण एक बड़ी समस्या बन चुका है. सड़कें चौड़ी होने के बावजूद सड़क किनारे दुकानें सजाने और अवैध कब्जों के कारण संकरी दिखाई देती हैं. इससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है. कई स्थानों पर सरकारी जमीन और तालाबों के आसपास भी अवैध दुकानें और कच्चे निर्माण कर लिए गए हैं.

ALSO READ: पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने सड़क जाम कर किया बवाल, पुलिस को करना पड़ा बल का प्रयोग

इन क्षेत्रों से हटाया जाएगा अतिक्रमण

महतो पार्क के आसपास बनी अवैध दुकानें, शहर के सभी तालाबों के आसपास का क्षेत्र, इंद्रपुरी से झंडा चौक होते हुए ग्वाला टोली मार्ग, बंसीलाल चौक से झंडा चौक तक, डिस्ट्रिक्ट मोड़ से इंद्रपुरी चौक तक, आनंदा चौक से छठ तालाब तक, त्रिमूर्ति चौक के आसपास, पीटीसी चौक से मटवारी होते हुए कोर्रा चौक तक, पीटीसी से अटल चौक होते हुए केनरी रोड तक, गुरुगोविंद सिंह रोड, पुराना बस स्टैंड, कालीबाड़ी रोड आदि इलाके. नगर निगम प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर सहयोग करें, ताकि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त बनाया जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *