बुजुर्ग सवारी को पीटकर ऑटो चालक और उसके साथी ने लूटे चार हजार रुपये और जरूरी कागजात

Ranchi: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है, जहां एक ऑटो चालक और...

image: AI Generated

Ranchi: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है, जहां एक ऑटो चालक और उसके साथी ने मिलकर एक बुजुर्ग सवारी को अपनी बर्बरता का शिकार बनाया. अपराधियों ने न केवल बुजुर्ग के साथ मारपीट की, बल्कि उनका पर्स,  चार हजार रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लूटकर फरार हो गए. घटना धुर्वा थाना अंतर्गत लटमा बांध के पास लंगड़ा होटल के समीप की है. पीड़ित की शिकायत पर धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

अस्पताल से लौटते वक्त जाल में फंसे बुजुर्ग

जानकारी के अनुसार, सिठियो (धुर्वा) निवासी 72 वर्षीय मोहम्मद शहाबुद्दीन अंसारी बीते बुधवार (20 मई) को हिनू स्थित एक अस्पताल में अपने साले मोहम्मद महबूब आलम से मिलने गए थे.  शाम करीब 7:15 से 7:30 बजे के बीच जब वे वापस घर लौटने के लिए धुर्वा जाने वाले एक ऑटो में सवार हुए, तो उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वे अपराधियों की गाड़ी में बैठ चुके हैं.  ऑटो में उनके अलावा एक और सवारी थी, जो धुर्वा गोल चक्कर से थोड़ा आगे उतर गई. इसके बाद ऑटो में सिर्फ बुजुर्ग शहाबुद्दीन, ऑटो चालक और उसका एक साथी ही बचे थे.

Read Also: पत्नी के फोनपे पर रिश्वत की राशि लेने के आरोपी अनुज कुमार से होम गार्ड DIG ने मांगा स्पष्टीकरण

50 रुपये के छुट्टे मांगने पर किया जानलेवा हमला

जैसे ही ऑटो लटमा बांध के पास लंगड़ा होटल के पास पहुंचा, चालक ने अचानक गाड़ी रोक दी और आगे जाने से साफ मना कर दिया. जब बुजुर्ग ने उतरकर किराये के रूप में 50 रुपये का नोट थमाया और छुट्टे पैसे मांगे, तो चालक भड़क गया. इससे पहले कि बुजुर्ग कुछ समझ पाते, दोनों अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया. एक आरोपी ने उन्हें पीछे से दबोच लिया, जबकि दूसरे ने उनकी जेब से पर्स छिन लिया. 

चिल्लाने पर जमीन पर पटका, चार हजार रुपये और एटीएम लेकर फरार

लूट के इस पर्स में चार हजार रुपये, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड समेत कई जरूरी कागजात थे. जब बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उन्हें बेरहमी से पीटकर जमीन पर गिरा दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए धुर्वा थाना प्रभारी अरुण कुमार महथा ने केस की जांच सब-इंस्पेक्टर (SI) हीरा लाल साह को सौंपी है. पीड़ित बुजुर्ग का कहना है कि वे अपराधियों को सामने आने पर पहचान सकते हैं. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्ध ऑटो चालकों की धरपकड़ में जुट गई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *