Koderma : कोडरमा युवाओं के हक, अधिकार और उनके भविष्य को लेकर युवा राष्ट्रीय जनता दल आगामी दिनों में एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रहा है. इसी सिलसिले में आगामी 25 मई को सुबह 11 बजे से डोमचांच स्थित मेहता भवन में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुलाई गई है.

प्रश्नचिह्न लगा दिया है प्रश्नचिह्न लगा दिया है
यह बैठक मुख्य रूप से आगामी “युवा चौपाल” की सफलता, तैयारियों और उसकी रणनीति को लेकर आयोजित की जा रही है. बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए युवा राजद के जिलाध्यक्ष मनोज रजक ने कहा कि आज देश और राज्य का युवा खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है. शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और रोजगार के अवसरों की कमी ने युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है.
ALSO READ : आदिवासी युवाओं को तकनीक और रोजगार से जोड़ेगा ‘आदिनिवास’ ऐप, 25 मई को सीएम हेमंत सोरेन करेंगे लॉन्च
शिक्षा, रोजगार और उनके आत्मसम्मान का है मुद्दा
उन्होंने कहा कि आज युवाओं के सामने सबसे बड़ा संकट शिक्षा, रोजगार और उनके आत्मसम्मान का है. युवा राजद इन बुनियादी मुद्दों पर चुप नहीं बैठने वाला. ‘युवा चौपाल’ के माध्यम से गांव-गांव और चौक-चौराहों तक जाकर युवाओं को एकजुट किया जाएगा और उनके अधिकारों के लिए जोरदार आवाज बुलंद की जाएगी.
मनोज रजक ने कहा कि डोमचांच की यह बैठक इसी शंखनाद की तैयारी है.
जिलाध्यक्ष ने कोडरमा जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और नगर क्षेत्रों के युवा राजद पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं समेत आम जागरूक युवाओं से अपील की है कि वे 25 मई को सुबह 11 बजे मेहता भवन, डोमचांच में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें. उन्होंने कहा कि युवाओं की भारी भागीदारी ही इस बैठक को सफल बनाएगी और दबे-कुचले व बेरोजगार युवाओं की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेगी.
