Giridih: गिरिडीह पुलिस ने सीसीएल कबरीबाद माइंस क्षेत्र में हुई हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीतलपुर निवासी 19 वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है. उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है.

क्य है मामला?
मामला 5 मई 2026 का है, जब सीसीएल कबरीबाद क्रेशर के पास स्थानीय लोगों और सीसीएल सुरक्षा कर्मियों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. इस दौरान खंडीहा निवासी दिलीप दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के दौरान सदर अस्पताल गिरिडीह में उनकी मौत हो गई थी. घटना के बाद मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 110/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. जांच के दौरान गिरिडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही सीसीएल कबरीबाद सुरक्षा इंचार्ज गुडगु राम सागर और सीसीएल गार्ड अख्तर रजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
इसके बाद 6 मई को मृतक दिलीप दास के शव को लेकर आक्रोशित लोगों ने सदर अस्पताल से शव निकालकर शहर की मुख्य सड़कों पर प्रदर्शन किया और सीसीएल कबरीबाद माइंस तक ले गए. इस दौरान पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया.
इस हिंसक घटना में तत्कालीन साइबर डीएसपी आबिद खान और नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विक्रम कुमार घायल हो गए थे. वहीं उग्र भीड़ ने सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया था. इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार, मामले में पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब सौरभ कुमार की गिरफ्तारी हुई है. पुलिस लगातार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, विवेक कुमार माथुरी, प्रिनन, राम बचन राम और चौकीदार राजेश कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, उपायुक्त ने आमलोगों की सुनी फरियाद
