मानसिक अवसाद से पीड़ित लोगों से सिविल सर्जन ने की जांच और इलाज कराने की अपील

Palamu: पलामू के सिविल सर्जन अनिल कुमार श्रीवास्तव ने जिले के तमाम नागरिकों से एक बेहद महत्वपूर्ण अपील की है. उन्होंने कहा...

Civil surgeon
सिविल सर्जन अनिल कुमार श्रीवास्तव

Palamu: पलामू के सिविल सर्जन अनिल कुमार श्रीवास्तव ने जिले के तमाम नागरिकों से एक बेहद महत्वपूर्ण अपील की है. उन्होंने कहा है कि अगर कोई भी व्यक्ति या उनके परिवार का कोई सदस्य मानसिक तनाव, अवसाद, घबराहट, नींद न आना, लगातार उदासी या आत्महत्या जैसे आत्मघाती विचारों से जूझ रहा है, तो वे बिल्कुल भी संकोच न करें और तुरंत सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की मदद लें. उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मानसिक अवसाद महज एक बीमारी है, कोई कलंक नहीं. सही समय पर इसका पूरी तरह से इलाज संभव है.

जिला अस्पताल मेदिनीनगर में की गई है व्यवस्था

सिविल सर्जन अनिल कुमार ने जानकारी दी, कि जिला अस्पताल मेदिनीनगर में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हर सोमवार और गुरुवार को विशेषज्ञ मनोचिकित्सकों द्वारा मरीजों के लिए मुफ्त ओपीडी, परामर्श और दवाइयों की व्यवस्था की गई है. अस्पताल आने के अलावा पीड़ित भारत सरकार की मुफ्त टेली-मानस हेल्पलाइन सेवा का लाभ भी उठा सकते हैं. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 जारी किया गया है, जिस पर चौबीसों घंटे सातों दिन विशेषज्ञों से बात करके पूरी तरह गुप्त और सुरक्षित परामर्श लिया जा सकता है. इसमें मरीज की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है.

सिविल सर्जन ने समाज के सभी जनप्रतिनिधियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सामाजिक संगठनों से भी भावुक अपील की है. उन्होंने कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मानसिक रूप से परेशान और जरूरतमंद लोगों की पहचान करें और उन्हें सही समय पर अस्पताल पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं. वक्त पर मिला सही इलाज किसी का कीमती जीवन बचा सकता है, इसलिए अवसाद को छिपाने के बजाय खुलकर सामने आएं और इलाज करवाएं.

यह भी पढ़ें: सीसीएल कबरीबाद हिंसा मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, 19 वर्षीय सौरभ कुमार भेजा गया न्यायिक हिरासत में

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *