Palamu: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान सिकंदर चौधरी (30 वर्ष), पिता मधु चौधरी, निवासी रामपुर, के रूप में हुई है.

जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप
जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे कई लोग घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सिकंदर चौधरी ने दम तोड़ दिया. मृतक के परिजनों ने मंटू सिंह नामक व्यक्ति पर इस वारदात का आरोप लगाया है.
Also Read: नाना ने किया तीन बार दुष्कर्म, अस्पताल के शौचालय में नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म
अस्पताल पहुंचे विधायक
इस घटना के बाद स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मिले. विधायक आलोक चौरसिया ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जमीन विवाद में लगातार इस तरह की हत्याएं हो रही हैं, जिसके लिए झारखंड सरकार जिम्मेदार है. उन्होंने जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है. विधायक ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि वह हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़े हैं.
जांच में जुटी पुलिस
इस हिंसक झड़प में घायल हुए अन्य लोगों में 16 वर्षीय यशवंत कुमार, पिता उदय चौधरी, 74 वर्षीय मधु चौधरी, पिता भीखम चौधरी, संजय चौधरी, पिता प्यारी चौधरी और सकेंद्र चौधरी, पिता ईश्वर चौधरी शामिल हैं. इन सभी घायलों का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
