Chakradharpur: जल संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत बनाने के उद्देश्य से चक्रधरपुर नगर परिषद की ओर से ‘कैच द रेन-2026’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया. सोमवार को महात्मा गांधी विद्यालय, चक्रधरपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई.
जल संकट आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने छात्रों को बताया कि जल संकट आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बन चुका है. ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि पानी की बचत करे और वर्षा जल का अधिक से अधिक संचयन कर भविष्य के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखे.
जल संचयन अपनाने से भूजल स्तर होगा बेहतर
विद्यार्थियों को घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अपनाए जा सकने वाले आसान उपायों के बारे में बताया गया. उन्हें समझाया गया कि वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाकर भूजल स्तर को बेहतर किया जा सकता है और जल संकट को कम करने में मदद मिल सकती है.

पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण
नगर परिषद ने बताया कि ‘कैच द रेन-2026’ अभियान का उद्देश्य केवल बारिश के पानी को संग्रहित करना नहीं, बल्कि भूजल स्तर में सुधार, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, जलाशयों का पुनर्जीवन और लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है.अभियान के तहत सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों के माध्यम से लोगों तक जल बचाने का संदेश पहुंचाया जाएगा. साथ ही जल संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ सकें.
स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का होगा आयोजन
इस दौरान तालाबों, नालों और अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई के लिए स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करने की भी जानकारी दी गई. इसके अलावा स्कूल और कॉलेज स्तर पर निबंध, चित्रकला, भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों और युवाओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा.कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी पानी बचाने के लिए प्रेरित करने की बात कही. नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की कि वे ‘कैच द रेन-2026’ अभियान में भाग लेकर जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने में सहयोग करें.
ALSO READ: सिमडेगा कॉलेज में NSUI का बड़ा अभियान, QR कोड से जुड़ेंगे छात्र, सीधे पहुंचाएंगे अपनी समस्याएं
