गुमला में पुलिस को देख भाग रहे गौ तस्करों की स्कॉर्पियो पलटी, दो गोवंश घायल, तस्कर फरार

Gumla: जिला के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोंगा गांव में शनिवार अलसुबह पुलिस को देखकर भागने के प्रयास में गौ तस्करों की...

Gumla: जिला के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोंगा गांव में शनिवार अलसुबह पुलिस को देखकर भागने के प्रयास में गौ तस्करों की एक काले रंग की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में वाहन के अंदर क्रूरतापूर्वक लादे गए चार गोवंशों में से दो को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, घटना के बाद अलसुबह के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और सभी गोवंशों को जब्त कर लिया है.

तेज रफ्तार के चक्कर में हुआ हादसा

बसिया थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार अलसुबह पुलिस की एक टीम क्षेत्र में नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो (गाड़ी संख्या: JH-01AK-9282) दिखाई दी. पुलिस की गाड़ी को देखते ही स्कॉर्पियो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और तेजी से भागने लगा.

स्कॉर्पियो की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर गश्ती दल ने तुरंत उसका पीछा करना शुरू कर दिया. हालांकि, रफ्तार तेज होने के कारण तस्कर पुलिस की गाड़ी से काफी आगे निकल गए थे. लेकिन लोंगा गांव के समीप अत्यधिक तेज गति होने के कारण स्कॉर्पियो असंतुलित हो गई और पलट गई. जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंचती, तब तक आरोपी अलसुबह के अंधेरे और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर वहां से फरार हो चुके थे.

Also Read:गुमला: कोल्ड स्टोरेज का निर्माण अधर में, किसानों को नहीं मिल पा रहा सब्जी का उचित मूल्य 

वाहन से बरामद हुए चार गोवंश

पुलिस ने जब पलटी हुई स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसके भीतर से चार गोवंश बरामद किए गए, जिन्हें तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था. इस हादसे में दो गायों को चोटें आई हैं.

बसिया पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो और चारों गोवंशों को तुरंत जब्त कर थाना परिसर लाया. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच में जुट गई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *