भारत-नेपाल रेल संपर्क में ऐतिहासिक उपलब्धि, कोलकाता से बिराटनगर पहुंची पहली वाणिज्यिक कंटेनर मालगाड़ी

News Wave Desk: भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए पहली बार 40 वैगनों वाली वाणिज्यिक कंटेनर...

News Wave Desk: भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए पहली बार 40 वैगनों वाली वाणिज्यिक कंटेनर मालगाड़ी कोलकाता बंदरगाह से नेपाल के बिराटनगर सीमा शुल्क यार्ड तक सफलतापूर्वक पहुंची है. रेलवे ने इसे भारत-नेपाल रेल पारगमन व्यवस्था में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. यह सफलता संशोधित भारत-नेपाल रेल पारगमन प्रोटोकॉल के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रतीक मानी जा रही है, जिससे दोनों देशों के बीच माल परिवहन का नया दौर शुरू हुआ है.

अब बिना ट्रांसशिपमेंट सीधे रेल से पहुंचेगा माल

उत्तर पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिनजल किशोर शर्मा ने बताया कि नई परिवहन व्यवस्था के तहत अब कोलकाता बंदरगाह से बिराटनगर तक माल को बीच में किसी अन्य वाहन में स्थानांतरित किए बिना सीधे रेल के माध्यम से पहुंचाया जा सकता है. इससे सीमा पार माल ढुलाई पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और किफायती होगी.

ब्रॉड गेज रेल लिंक बना बड़ी सफलता की वजह

यह उपलब्धि भारत के योगवानी और नेपाल के बिराटनगर के बीच बने ब्रॉड गेज रेल लिंक के कारण संभव हो सकी है. इस रेल मार्ग का उद्घाटन जून 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री ने संयुक्त रूप से किया था. इसके बाद नवंबर 2025 में दोनों देशों के बीच संशोधित ‘विनिमय पत्र’ (Exchange of Letters) पर हस्ताक्षर होने के साथ प्रत्यक्ष वाणिज्यिक रेल परिवहन का रास्ता पूरी तरह खुल गया.

Read Also: घर-घर कोल्हू अभियान को तेज करने का आह्वान, सांस्कृतिक धरोहर बचाने की अपील: राजीव रंजन

व्यापार, लॉजिस्टिक्स और क्षेत्रीय संपर्क को मिलेगा बड़ा लाभ

रेलवे के अनुसार, इस नई व्यवस्था से भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी. परिवहन में लगने वाला समय कम होगा, लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और माल प्रबंधन पहले से अधिक सुगम बनेगा. साथ ही आधुनिक रेल अवसंरचना के जरिए दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय संपर्क भी और मजबूत होगा.

आर्थिक साझेदारी को मिलेगा नया बल

रेलवे का मानना है कि यह ऐतिहासिक शुरुआत भविष्य में भारत-नेपाल के बीच सीमा पार रेल संपर्क को और मजबूत करेगी. उत्तर पूर्वी रेलवे विश्वसनीय, तेज और ग्राहक-केंद्रित रेल सेवाओं के माध्यम से माल परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने और दोनों देशों की बढ़ती व्यापारिक एवं आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *