Giridih : गिरिडीह जिले में 14 वर्षीय नाबालिग को गर्भवती करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी बताया जा रहा है. गिरफ्तारी सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में की गई, जबकि बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार ने भी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई.

सदर अस्पताल में नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम सदर अस्पताल के बाथरूम में 14 वर्षीय बच्ची ने नवजात को जन्म दिया. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया. बताया गया कि सामाजिक शर्म और लोक-लाज के कारण परिजन नवजात को छोड़कर जाने की तैयारी में थे, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना दी.
ALSO READ : घर से उठाकर युवक को प्रभात तारा मैदान ले गए हमलावर, लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, पुलिस को देख भागे
मां और नवजात का चल रहा इलाज
डीएस डॉ. प्रदीप बैठा के निर्देश पर जच्चा और नवजात को चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु इकाई में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है. अस्पताल प्रशासन की निगरानी में मां और बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
एसपी के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
पूरे मामले की सूचना मिलने के बाद एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया. इसके बाद एसडीपीओ की अगुवाई में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और नाबालिग को गर्भवती करने के आरोपी संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है.
ALSO READ : पाकुड़ में बिजली संकट गहराया, 24 घंटे में सुधार नहीं हुआ तो RJD ने दी आंदोलन की चेतावनी
