Giridih: गिरिडीह में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार शाम गिरिडीह पुलिस ने जागरूकता बाइक रैली निकाली. रैली का नेतृत्व गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने किया. इस दौरान सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह एवं मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और पुलिस जवान शामिल हुए. जवानों के हाथों में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों से संबंधित जागरूकता तख्तियां थीं. बाइक रैली जिला नियंत्रण कक्ष से शुरू होकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों से गुजरी. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की. कई स्थानों पर रुककर आम लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं.

यह भी पढ़ें: रांची: राज्य प्रशासनिक सेवा के 81 अफसर इधर से उधर

बेहतर यातायात के लिए आमलोगों का सहयोग जरूरी: एसपी
इस मौके पर एसपी डॉ बिमल कुमार ने कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए आम लोगों की भागीदारी और जागरूकता बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने में लोगों का सहयोग भी अहम है. एसपी ने बताया कि जिले की मुख्य सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित किया जा रहा है और वहां विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि गिरिडीह शहरी क्षेत्र से ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने की शुरुआत की गई है, ताकि आने वाले दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों को सुगम यातायात व्यवस्था मिल सके.
यह भी पढ़ें: इलाज ही नहीं, अब रिसर्च में भी रिम्स का डंका, आइसीएमआर ने दिया राष्ट्रीय सम्मान
