-
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Jamshedpur: बोड़ाम थाना क्षेत्र के नूतनडीह गांव में 9वीं कक्षा की छात्रा माला सिंह (15) का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक पेड़ से लटका मिला. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं. जानकारी के अनुसार, 21 मई की शाम माला घर से यह कहकर निकली थी कि वह गांव के तालाब में नहाने जा रही है. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में पूछताछ के बाद भी कोई पता नहीं चला. शनिवार को ग्रामीणों ने गांव से दूर खेत के पास एक पेड़ पर उसका शव लटका देखा और तुरंत बोड़ाम थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा. रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

लायलम स्कूल की छात्रा थी माला
मृतका माला सिंह बोड़ाम के लायलम स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा थी. उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: पुलिस
बोड़ाम थाना प्रभारी ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल यूडी केस दर्ज कर हर एंगल से जांच की जा रही है. परिवार और दोस्तों से पूछताछ कर आत्महत्या की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है.”
यह भी पढ़ें: 17 दिनों से लापता युवक का नहीं मिला सुराग, परिजनों ने पुलिस से लगाई खोज की गुहार
परिजनों का सवाल: तालाब गई थी तो जंगल कैसे पहुंची?
वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि माला खुशमिजाज थी और उसमें आत्महत्या जैसी कोई प्रवृत्ति नहीं दिखती थी. परिजनों ने सवाल उठाया कि अगर वह तालाब नहाने गई थी तो घर से 2 किमी दूर सुनसान जगह पेड़ पर उसका शव कैसे मिला? उसके शरीर पर कुछ खरोंच के निशान भी हैं. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि हत्या का कोई साक्ष्य मिलता है तो धाराएं बदली जाएंगी.
