Koderma: राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा जारी Heat Wave Advisory के अनुपालन को लेकर जिले में Heat Action Plan तैयार करने हेतु उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में बढ़ते तापमान एवं संभावित हीट वेव के प्रभाव को देखते हुए आमजन की सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया, कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आमजन के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को राहत मिल सके. उन्होंने कहा कि हीट वेव की स्थिति में आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं. उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए. साथ ही खराब चापाकलों से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित निदान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र में पानी की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए.
बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि Heat Action Plan के तहत आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा हीट वेव से बचाव के लिए जन-जागरूकता अभियान भी चलाएं.
लू से बचाव एवं सनस्ट्रोक से प्रभावित व्यक्ति के प्राथमिक उपचार को लेकर उपायुक्त की अपील
उपायुक्त ने बैठक के दौरान गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान एवं लू (हीटवेव) के खतरे को देखते हुए आम नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है. उपायुक्त ने लोगों को गर्मी से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों का पालन करने तथा सनस्ट्रोक से प्रभावित व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचें. प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के, ढीले एवं सूती कपड़े पहनें. बाहर निकलते समय छाता, टोपी, चश्मा एवं उचित जूते-चप्पल का उपयोग जरूर करें.
उन्होंने अपील की, कि अत्यधिक गर्मी के दौरान कठिन शारीरिक कार्यों से बचें तथा यात्रा के समय अपने साथ पानी अवश्य रखें. शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए शराब, चाय, कॉफी एवं कार्बोनेटेड पेय पदार्थों के सेवन से बचें. साथ ही अधिक प्रोटीनयुक्त एवं बासी भोजन का सेवन न करें. खुले में कार्य करने वाले लोग सिर, गर्दन एवं चेहरे को ढककर रखें तथा गीले कपड़े का उपयोग करें. बच्चों एवं पालतू जानवरों को कभी भी बंद खड़े वाहन में न छोड़ें. अस्वस्थ महसूस होने, चक्कर आने या कमजोरी लगने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें.
शरीर को तरोताजा रखने एवं पानी की कमी दूर करने के लिए ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, चावल का माड़ (तोरानी) एवं छाछ जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें. पशुओं को भी छायादार स्थान पर रखें और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं. घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे, शटर एवं सनशेड का उपयोग करें तथा रात में खिड़कियां खोलकर रखें. पंखे, गीले कपड़े एवं ठंडे पानी से स्नान भी राहत पहुंचाने में सहायक हैं.
सनस्ट्रोक (लू लगने) की स्थिति में क्या करें?
यदि कोई व्यक्ति लू से प्रभावित हो जाए तो उसे तुरंत ठंडी एवं छायादार जगह पर लिटाएं. उसके शरीर को गीले कपड़े से पोंछें या सामान्य तापमान के पानी से शरीर को ठंडा करें. सिर पर सामान्य तापमान का पानी डालकर शरीर का तापमान कम करने का प्रयास करें. प्रभावित व्यक्ति को ओआरएस, नींबू पानी, चावल का माड़ जैसे तरल पदार्थ दें. स्थिति गंभीर होने पर बिना देर किए उसे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं, क्योंकि सनस्ट्रोक जानलेवा हो सकता है और इसमें तत्काल चिकित्सा सहायता आवश्यक है. जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है, कि गर्मी के मौसम में सतर्क रहें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों को भी हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक करें.
पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला एवं प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार जिले के नागरिक पेयजल आपूर्ति, खराब चापाकल, जलापूर्ति बाधित होने अथवा अन्य पेयजल संबंधी शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित नियंत्रण कक्ष में संपर्क कर सकते हैं.
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर
- दीपक कुमार, कनीय अभियंता – 7541920901
- विशाल कुमार, निम्न वर्गीय लिपिक – 7269057933 विकाश कुमार मिश्रा, निम्न वर्गीय लिपिक – 7903724526
प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष (संपर्क नंबर):
- सहायक अभियंता – सरज कुमार दास, मोबाइल नंबर – 9263952920
- कोडरमा – अनूपम बकला, जे.ई. – 9431774646
- डोमचांच – अभिजीत कुमार, जे.ई. – 8789932957
- सतगावां – मनीष कुमार, जे.ई. – 9798746631
- जयनगर – ओम प्रकाश, जे.ई. – 7033773217
- मरकच्चो – मुकेश कुमार, जे.ई. – 7479379944
- चंदवारा – मनीष कुमार, जे.ई. – 9798746631
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार जिले के नागरिक विद्युत आपूर्ति बाधित होने अथवा अन्य बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान हेतु मोबाइल नंबर 9066145667 में संपर्क कर सकते हैं.
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम, शिक्षा अधीक्षक अजय कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सुभाष यादव व अन्य मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक संपन्न
