हजारीबाग: छात्रावासों की बदहाली पर सख्त हुए डीसी, बोले- सुरक्षा और पढ़ाई से नहीं होगा समझौता

Hazaribagh: जिले में कल्याण विभाग की योजनाओं और छात्रावासों की स्थिति को लेकर उपायुक्त हेमन्त सती ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में...

Hazaribagh
उपायुक्त हेमन्त सती ने की समीक्षा बैठक

Hazaribagh: जिले में कल्याण विभाग की योजनाओं और छात्रावासों की स्थिति को लेकर उपायुक्त हेमन्त सती ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की. बैठक में बालक एवं बालिका छात्रावासों की वर्तमान स्थिति, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई.

छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करें और उनकी अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उपायुक्त ने छात्रावासों में प्रकाश व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, शौचालय, साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति का गंभीरता से निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले के बंद पड़े छात्रावासों को जल्द चालू कराने पर भी जोर देते हुए कहा कि जो प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अपने क्षेत्र के असंचालित छात्रावासों को पुनः शुरू कराने में सफल होंगे, उन्हें आगामी 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा.

उपायुक्त ने की सहायता योजना की प्रगति की समीक्षा

बैठक में आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठा. इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो. इसके अलावा साइकिल वितरण योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण कर जरूरतमंद लोगों तक मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के आवेदन प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक गरीब परिवार योजना का लाभ उठा सकें.

विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश

बैठक में पीवीटीजी बहुल क्षेत्रों में आधार कार्ड निर्माण को लेकर विशेष शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे दूरस्थ इलाकों में रहने वाले पात्र लोगों को आधार पंजीकरण की सुविधा मिल सके. बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय तथा जिला कल्याण पदाधिकारी मां देव प्रिया सहित कई अधिकारी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: करहरिया स्नान घाट निर्माण में अनियमितता पर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी, काम कराया बंद

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *