Giridih: बेंगाबाद प्रखंड के मधवाडीह पंचायत अंतर्गत बरियारपुर में मशरूम व हैचरी प्लांट के संचालन से प्रदूषित हो रहे खंडोली डैम के पानी के मामले को लेकर शनिवार को झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एक टीम गिरिडीह पहुंची. टीम में शामिल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी मनीश कुमार ने बरियारपुर पहुंचकर मशरूम व हैचरी प्लांट के साथ आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्लांट के अंदर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. वहीं प्लांट के बाहर फेंके गए कचरों का भी निरीक्षण किया. मौके पर उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और प्लांट से निकलने वाली बदबू का भी जायजा लिया.


स्थानीय लोगों ने प्रदूषण और गंदे पानी की समस्या से कराया अवगत
इस दौरान मौके पर मौजूद जेएलकेएम नेता नागेन्द्र चन्द्रवंशी, स्थानीय मुखिया सद्दीक अंसारी सहित अन्य लोगों ने जांच के लिए पहुंचे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी को प्लांट से निकलने वाले कचरे और गंदे पानी के कारण प्रदूषित हो रहे खंडोली जलाशय एवं आसपास के क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराया. विदित हो कि पिछले वर्ष बरसात के मौसम में अंडा व मशरूम प्लांट से निकलने वाले कचरे के कारण खंडोली जलाशय का पानी प्रदूषित होने तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदूषण फैलने का मामला स्थानीय मुखिया सद्दीक अंसारी द्वारा उठाया गया था. मामले को लेकर जेएलकेएम के केंद्रीय संगठन सचिव नागेन्द्र चन्द्रवंशी के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा चरणबद्ध आंदोलन भी चलाया गया था.
मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप के बाद शुरू हुई जांच प्रक्रिया
गिरिडीह के हेल्पिंग क्रॉप्स फाउंडेशन के पर्यावरण सेल के राज्य सचिव जगजीत सिंह बग्गा ने इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से की थी. जिसके आलोक में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव से आठ सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी थी. इसके बाद मुख्य सचिव द्वारा मामले की जांच के लिए झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया गया. परिणामस्वरूप झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची.
ALSO READ: डे-नाइट शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट प्रतियोगिता में लोगों का दिखा उत्साह
जांच रिपोर्ट जल्द सौंपी जाएगी, कार्रवाई का भरोसा
इस मामले को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पदाधिकारी मनीश कुमार ने कहा कि कई बिंदुओं पर जांच की गई है. जांच के दौरान कई तथ्य सामने आए हैं. शीघ्र ही जांच रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी जाएगी. उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई अवश्य की जाएगी.
