Jamshedpur: जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में मंगलवार देर रात अपराधियों ने एक कारोबारी के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, लेकिन घर के बाहर खड़ी एक महिंद्रा थार गाड़ी में गोली जा धंसी.

आधी रात को आया धमकी भरा फोन: 20 लाख दो, नहीं तो कन्हैया यादव जैसा हश्र होगा
पीड़ित कारोबारी राजकुमार साह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 12:17 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. फोन करने वाले अपराधी ने खुद का नाम कुंडी बताया और सीधे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग ली अपराधी ने राजकुमार साह को डराते हुए सीधे शब्दों में धमकी दी, अगर रकम नहीं मिली, तो तुम्हें भी फल कारोबारी कन्हैया यादव की तरह ऊपर पहुंचा देंगे.।इस पर पीड़ित राजकुमार साह ने कॉलर से कहा कि उन्होंने कभी एक साथ इतनी बड़ी रकम देखी भी नहीं है और न ही उनके पास इतने पैसे हैं. इसके बाद वे फोन काटकर सो गए.
बाइक सवार तीन अपराधियों ने की तीन राउंड फायरिंग
बुधवार की सुबह जब राजकुमार साह की आंख खुली, तो उन्हें रात में हुई फायरिंग की जानकारी मिली. स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के अनुसार, देर रात एक बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी नामदा बस्ती पहुंचे थे. अपराधियों ने कारोबारी के घर को निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग की और हथियार लहराते हुए फरार हो गए. फायरिंग में एक गोली वहां खड़ी थार गाड़ी के शीशे को चीरती हुए निकल गई.
ALSO READ: भीषण गर्मी में हुसैनबाद नगर पंचायत की पहल, प्याऊ व्यवस्था की हुई शुरुआत
जेल में बंद बिल्ला पाठक पर गहराया शक
इस पूरी वारदात के पीछे कन्हैया यादव हत्याकांड में जेल में बंद कुख्यात बिल्ला पाठक का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है. माना जा रहा है कि जेल के अंदर से ही बिल्ला पाठक के इशारे पर उसके गुर्गों ने इस रंगदारी और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है.
