मुंबई की हाई-प्रोफाइल चोरी का गिरिडीह कनेक्शन, मुंबई पुलिस की छापेमारी

Giridih: महाराष्ट्र के मुंबई में हुई करीब ₹2.65 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले...

Mumbai Police
Giridih connection to high-profile Mumbai theft

Giridih:  महाराष्ट्र के मुंबई में हुई करीब ₹2.65 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने स्थानीय थाना के सहयोग से पंडरिया और सांख गांव में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, अन्य चोरी का सामान और चोरी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा थार एसयूवी बरामद की. जानकारी के अनुसार, गावां थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी अमित यादव (26) और सांख निवासी सतीश कुमार (26) मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र के उपसभापति संजय अहीर के घर घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे. आरोप है कि दोनों ने लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की.

₹2.65 करोड़ की चोरी का हुआ खुलासा 

जब घर से लगातार कीमती सामान गायब होने लगा तो वर्ली पुलिस ने जांच शुरू की. जांच में करीब ₹2.65 करोड़ की चोरी का खुलासा हुआ. इसके बाद वर्ली थाना कांड संख्या 341/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.

इसके बाद वर्ली थाना के पीएसआई योगेश थरवकर, एएसआई अरुण घटकर और सीआईडी टीम आरोपियों को साथ लेकर गिरिडीह पहुंची. गावां थाना पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों के घरों में छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान करीब ₹4 लाख मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया. जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से दोनों आरोपियों ने एक महिंद्रा थार एसयूवी खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.

थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया…

गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि मुंबई पुलिस की कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने पूरा सहयोग किया. बरामद सोने के आभूषण और जब्त थार वाहन को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है. फिलहाल, मुंबई पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी की रकम का कहीं अन्य स्थानों पर निवेश या उपयोग किया गया है या नहीं. अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.

ALSO READ: पलामू : छेड़खानी विवाद में हिंसा, घायल मकबूल को रांची ले जाने के दौरान हुई मौत, शाहपुर-मेदिनीनगर पुल जाम, आरोपियों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *