Palamu : जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदुआ गांव में बुधवार शाम लड़की से छेड़खानी के विवाद में हुई हिंसक वारदात में घायल मकबूल मियां की मौत हो गई. उन्हें गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. मकबूल मियां की मौत की खबर मिलते ही गरदा और बंदुआ गांव समेत आसपास के इलाकों में माहौल तनावपूर्ण हो गया. आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए शाहपुर-मेदिनीनगर पुल को जाम कर दिया है. जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित है. वहीं, घटना में घायल सुलेमान मियां और शाहीना बीबी का इलाज एमएमसीएच MMCH मेदिनीनगर में जारी है. जहां डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
क्या है पूरा मामला
बुधवार शाम छेड़खानी के विरोध को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था. हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी थी और एक महिला और मकबूल मियां पर चाकू से हमला कर दिया था. घायलों के परिजनों ने तबरेज, अबरेज आलम, गोखुला मियां, आजाद मियां, क्युम मियां, शेरू मियां, सोनू मियां और इमरान मियां समेत कई अन्य लोगों पर गोलीबारी और चाकूबाजी का आरोप लगाया है. चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने छेड़खानी के विवाद में घटना होने की पुष्टि की है.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
घटना, मौत और शासहपुर-मेदिनीनगर पुल पर हुए सड़क जाम के बाद बिगड़े हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गयी है. पलामू पुलिस नामजद आरोपियों और हमले में शामिल अन्य लोगों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी कर रही है.
