जेपी केंद्रीय कारागार में पुलिस का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

Hazaribagh: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा कारागार के भीतर गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य...

Hazaribagh: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा कारागार के भीतर गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य से बीते रात्रि हजारीबाग पुलिस द्वारा जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर की गई.

मिली जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) हजारीबाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिले के दंडाधिकारी की उपस्थिति में जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान जेल परिसर के विभिन्न वार्डों, विशेषकर संदिग्ध माने जाने वाले वार्डों की सघन जांच की गई. पुलिस अधिकारियों ने जेल के अंदर सुरक्षा इंतजाम, बंदियों की गतिविधियों तथा कारागार परिसर की निगरानी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया.

दिए गए कई आवश्यक दिशा-निर्देश

निरीक्षण के दौरान जेल में तैनात पुलिसकर्मियों एवं कारा कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जेल के भीतर किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध सामग्री की आवाजाही अथवा सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही कारागार के अंदर और बाहर चौकसी बढ़ाने तथा नियमित रूप से निगरानी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

हजारीबाग पुलिस से प्रतिनियुक्ति पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, सतर्कता बनाए रखने तथा जेल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है और समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे.

निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल

औचक निरीक्षण अभियान के दौरान जेल परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं अधिकारियों की सक्रियता से सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता भी स्पष्ट रूप से देखने को मिली. पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य कारागार में अनुशासन बनाए रखना और किसी भी संभावित अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोकना है.

ALSO READ: SIR पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला कहा – यह वैध और संवैधानिक प्रक्रिया

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *