Koderma: जिला प्रशासन, कोडरमा के संज्ञान में आया है कि उपायुक्त, कोडरमा के फोटो का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (व्हाट्सएप) पर मोबाइल नंबर 84739823071 से एक फर्जी (फेक) आईडी बनाई गई है. यह आईडी पूर्णतः अवैध एवं भ्रामक है तथा इसका जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है.

अतः सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि उक्त फर्जी व्हाट्सएप आईडी से किसी प्रकार की बातचीत, लेन-देन या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें. जिला प्रशासन, कोडरमा इस फर्जी आईडी को अवैध मानता है. इसके साथ ही सभी नागरिकों से अनुरोध है कि सतर्क एवं जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या साइबर थाना को दें.
साइबर सेल को तुरंत दें सूचना
यदि आपके पास ऐसा कोई भी संदिग्ध संदेश या अनुरोध आता है, तो बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत कोडरमा साइबर थाना या अपने निकटतम पुलिस स्टेशन को दें. इसके अलावा, नागरिक भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
किसी भी वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, ताकि साइबर सेल द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा सके. आपकी सतर्कता ही साइबर अपराध के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है. सजग रहें, सुरक्षित रहें, जिला प्रशासन का सहयोग करें.
