Ranchi: टाना भगत समुदाय राज्य के मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने वाले हैं. इन्हें रोकने के लिए जगहों जगहों पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है. सीएम आवास, एसएसपी आवास, मोराबादी मैदान के पास बैरिकेडिंग की गई है. ताकि उन्हें रोका जा सके. जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया जा सकता है. काफी संख्या में टाना भगत समुदाय के लोग मोराबादी में जमे हुए हैं.

मोराबादी में टाना भगतों का जुटान
टाना भगत समुदाय अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मोराबादी मैदान में जुट गए हैं. आंदोलनकारी किसी भी समय मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए कूच कर सकते हैं. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. मोराबादी मैदान से लेकर सीएम आवास तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. मोराबादी मैदान के आसपास और सीएम आवास जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है. जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं.
सिटी एसपी ने क्या कहा
इस मामले को लेकर रांची के सिटी एसपी ने बताया कि टाना भगत समुदाय के लोग मोराबादी मैदान में जुटे हुए हैं. अपनी मांग को लेकर सीएम आवास का घेराव करने की योजना में है. इसलिए कई जगहों पर उन्हें रोकने के लिए अतिरिक्त जवानों और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है.
