Hazaribagh: राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-522 पर सड़क किनारे खड़े सूखे, जर्जर और नीचे तक झुके पेड़ यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं. कई स्थानों पर पेड़ों की भारी शाखाएं सड़क तक फैल गई हैं, जिससे गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गई है.

भेलवारा गांव में ग्रामीणों ने खुद की पहल
ताजा मामला विष्णुगढ़ प्रखंड के भेलवारा गांव का है. यहां सड़क किनारे स्थित एक विशाल शीशम का पेड़ पिछले कई दिनों से आवागमन में बाधा बन रहा था. पेड़ की मोटी डाल सड़क की ओर काफी नीचे झुक गई थी, जिससे गुजरने वाले वाहन उससे रगड़ खाते हुए निकल रहे थे. स्थानीय लोगों के अनुसार स्थिति की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से डाल को काटकर हटाया, जिससे लोगों को राहत मिली.
एनएच किनारे कई पेड़ बने समस्या
ग्रामीणों के अनुसार यह केवल एक पेड़ की समस्या नहीं है. एनएच-522 के किनारे ऐसे कई पेड़ मौजूद हैं, जिनकी शाखाएं सड़क की ओर काफी नीचे तक झुकी हुई हैं. बड़े वाहनों को इससे विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है. रात के समय यह स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है.
Also Read: रांची पुलिस का ऑपरेशन प्रहार : 30 से अधिक अपराधी गिरफ्तार, 135 से ज्यादा वारंटों का निष्पादन
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा और आवागमन को लेकर समय रहते जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए. उन्होंने सड़क किनारे खतरनाक स्थिति वाले पेड़ों की छंटाई और सूखे पेड़ों को हटाने की मांग की है.
तत्काल सर्वे और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से एनएच-522 का सर्वे कराने तथा सड़क किनारे झुकी शाखाओं की छंटाई और जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
