Saraikela : सरायकेला जिले में बुधवार को दिनभर भीषण गर्मी से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम होते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली. देव रोहिन के दिन शाम करीब 4:15 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. आसमान में काले बादल छा गए और बिजली की तेज कड़कड़ाहट के साथ मौसम सुहावना हो गया.

बारिश से गर्मी से मिली राहत, जनजीवन हुआ सामान्य
लगातार बढ़ते तापमान और उमस भरी गर्मी से लोग काफी परेशान थे. अचानक हुई बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को राहत मिली. कई जगहों पर लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए, वहीं बाजारों और सड़कों पर भी मौसम बदलने का असर देखने को मिला.

देव रोहिन की बारिश को कृषि के लिए माना जाता है शुभ
हिंदू सनातन परंपरा में देव रोहिन के दिन होने वाली बारिश को कृषि के लिए बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन बारिश होने से खरीफ फसलों की बुआई के लिए खेत तैयार हो जाते हैं और अच्छी पैदावार की संभावना बढ़ती है. ग्रामीण क्षेत्रों में किसान इस दिन विशेष पूजा-अर्चना कर अच्छी बारिश और बेहतर खेती की कामना करते हैं.
ALSO READ : आधी आबादी को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म, सीएम हेमंत सोरेन ने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा कर दिए कई निर्देश
किसानों में खुशी, खेतों में आएगी नमी
बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे. किसानों का कहना है कि इस बारिश से खेतों में नमी आएगी, जिससे धान की नर्सरी तैयार करने और अन्य फसलों की बुआई में काफी मदद मिलेगी. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने इसे खेती के लिए अच्छा संकेत बताया.
अगले 24 घंटे में और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली से बचाव की अपील की है
ALSO READ : 45 दिनों तक कोमा में रहने के बाद दुबई से सकुशल लौटे राकेश महतो, गांव में खुशी का माहौल
