Ranchi: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पीड़िता के साथ पहले घर में मारपीट की गई और जब वह इसकी शिकायत मारपीट करने वाली महिला के मायके पहुंची, तो वहां उसके माता-पिता और बहन ने रिवॉल्वर के बट, लोहे की रॉड और तलवार से उस पर हमला कर उसका सिर फाड़ दिया. चुटिया थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों पर कांग्रेस का विरोध राजनीति से प्रेरित: पवन शंकर पांडे
घर में लाइट जलाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
चुटिया थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता सेवती कुमारी (पति दिवंगत सत्यदेव पासवान), जो पेशे से एक शिक्षिका हैं और न्यू साकेत नगर (डोरंडा) में अपने पिता के घर रहती हैं, ने पुलिस को आपबीती बताई. घटना बीते रविवार की है. पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने घर के पूजा रूम और हॉल की लाइट जलाई, तो पहली मंजिल पर रहने वाले उनके रिश्तेदार सौमेन्द्र कुमार और उसकी पत्नी इन्दु देवी ने लाइट बंद कर दी और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर सौमेन्द्र ने उन्हें थप्पड़ मार दिया. बीच-बचाव करने आई पीड़िता की 65 वर्षीय बुजुर्ग मां का भी आरोपियों ने गला दबाने का प्रयास किया और मारपीट की.
पीड़िता सेवती कुमारी ने मामले में क्या कहा?
घर पर हुई इस बदसलूकी के बाद, पीड़िता सेवती कुमारी, मारपीट करने के आरोपी इन्दु देवी के व्यवहार की शिकायत करने अकेले उसके मायके (द्वारिकापुरी रोड नंबर-02, चुटिया) चली गई. आरोप है कि जैसे ही वह वहां पहुंचीं, इन्दु देवी के पिता रामपुकार पासवान, मां माना देवी और बहन प्रिया पासवान हथियारों से लैस होकर घर से बाहर निकल आए. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिता के हाथ में रिवॉल्वर, मां के हाथ में लोहे की रॉड और बहन के हाथ में नंगी तलवार थी. इस दौरान आरोपी इन्दु देवी भी मोबाइल फोन पर ऑनलाइन स्पीकर के जरिए जुड़ी हुई थी और अपने परिवार को पीड़िता को जान से मारने के लिए उकसा रही थी. इसी बीच, आरोपियों ने पीड़िता को अकेला पाकर उन पर हमला कर दिया. आरोपी पिता रामपुकार पासवान ने रिवॉल्वर के बट से सेवती कुमारी के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहुलूहान हो गईं.
यह भी पढ़ें: बकरीद को लेकर रांची में सुरक्षा सख्त: एसएसपी की अगुवाई में पुलिस और RAF ने किया फ्लैग मार्च
पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागी और चुटिया थाना पहुंची. उन्होंने पुलिस को बताया कि वे एक विधवा महिला है और शिक्षण करके अपने दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण करती हैं. इस घटना के बाद से वो और उनका परिवार काफी डरा हुआ है. पीड़िता ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष द्वारा पहले भी उन्हें रास्ते से उठवाने की धमकी दी जा चुकी है और उनके साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी है.
