आपदा प्रबंधन को लेकर हजारीबाग उपायुक्त सख्त, अधिकारियों को दिए कई निर्देश

Hazaribagh: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में...

_Hazaribagh Deputy Commissioner
उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक

Hazaribagh: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता एवं महापौर अरविंद राणा भी मौजूद रहे. बैठक में जिले में पड़ रही भीषण गर्मी, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सुविधाओं और डूबने की घटनाओं समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.

लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी, सरकारी दफ्तरों में प्याऊ की व्यवस्था

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और इसे भी आपदा की श्रेणी में माना जाता है. आमजनों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर आवश्यक एडवाइजरी जारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों में लोगों की सुविधा के लिए प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें और सावधानी बरतें.

अस्पतालों में नर्सों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त संख्या में नर्सों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को समय पर उपचार मिल सके.

डूबने की घटनाओं पर चिंता, चार गोताखोरों को प्रशिक्षण देने का निर्देश

हाल के दिनों में जिले में बढ़ रही डूबने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उपायुक्त ने जिला स्तर पर चार गोताखोरों को प्रशिक्षित कर बाह्य स्रोत से नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी आएगी.

पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था करने का सुझाव

बैठक के दौरान महापौर अरविंद राणा ने भीषण गर्मी को देखते हुए पशुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु नाद लगाने का सुझाव दिया. इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

खराब चापानलों की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश

नगर निगम क्षेत्र में खराब पड़े चापानलों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को गैंगमैन की सूची महापौर को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि मरम्मत कार्य में तेजी लाई जा सके.

आपदा प्रबंधन के विभिन्न बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक में जिला आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

यह भी पढ़ें: पलामू: बकरीद को लेकर सदर थाना पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *