Gumla: लोहरदगा जिले के ओयना बड़काटोली निवासी छोटू उरांव (लगभग 26 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार छोटू उरांव अपने घर से कंडरा मेहमानी आया हुआ था. वह अपने भतीजे लकी उरांव के साथ ऑटो कार में पेट्रोल भरवाने के लिए घाघरा आया था.

नौडीहा पुल के पास हुआ हादसा
बताया जाता है कि वापस लौटने के दौरान घाघरा नौडीहा पुल के समीप अचानक मवेशी आ जाने पर उसे बचाने के क्रम में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. दुर्घटना में छोटू उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा भेजा गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
गुमला सदर अस्पताल में इलाज के दौरान छोटू उरांव ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
