Koderma : लगातार पड़ रही गर्मी के बीच शुक्रवार को हुई बारिश ने एक ओर जहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है, वहीं बारिश के साथ हुई वज्रपात ने आम जीवन को नुकसान भी पहुंचाया है. दरअसल कोडरमा जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई वज्रपात की घटना में दो महिला घायल हो गई है. पहली घटना जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत झरीटांड़ में हुई. जहां वज्रपात होने से एक महिला घायल हो गई. घायल महिला की पहचान 30 वर्षीय पूनम देवी के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार पूनम अपने घर के बाहर स्थित चापानल से पानी लाने के लिए गई हुई थी. इसी दौरान अचानक से हुई वज्रपात से वह उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई. इसके पश्चात परिजनों ने आनन-फानन में पूनम को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
डोमचांच मे भी वज्रपात से एक महिला हुई घायल
वहीं दूसरी घटना डोमचांच थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव में हुई, जहां कलीमुद्दीन की पत्नी 36 वर्षीय साजमा खातून अपने घर के आंगन में अपने परिवार के साथ बैठी हुई थी. इसी दौरान अचानक से हुए वज्रपात ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, मामले की जानकारी देते हुए साजमा के देवर सद्दाम अंसारी ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे वे लोग पूरे परिवार के साथ घर के आंगन में बैठे हुए थे. इसी बीच एक जोरदार गर्जन के साथ बिजली चमकी और इसका सीधा असर साजना के ऊपर हुआ. वज्रपात की चपेट में आने से साजमा वहीं बेहोश हो गई. इसके पश्चात उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बनी हुई है.

Also Read : सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने को लेकर DC ने की समीक्षा बैठक
