Saraikela: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने साप्ताहिक जनता दरबार लगाया. इस दौरान डीसी ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों से उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को सुना और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए निर्देश दिए. जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से राजनगर प्रखंड अंतर्गत ग्राम टिंटिडीह, छोटाखीरी, बाना एवं गेंगरुली को जोड़ने वाली जर्जर पीसीसी सड़क की मरम्मत, उच्च विद्यालय एदल में चहारदीवारी निर्माण, राजनगर स्थित खैरकोचा पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने, भारतीय सेना के दिवंगत जवान के आश्रित को आवंटित भूमि के बंदोबस्ती आदेश निर्गत करने, चौकीदार बहाली प्रक्रिया में प्रगति लाने, लाल बिल्डिंग चौक समीप सर्विस रोड पर अतिक्रमण एवं जाम की समस्या का समाधान करने, गम्हरिया-कांड्रा क्षेत्र स्थित जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में पार्टनरशिप के नाम पर 8.50 लाख की ठगी का आरोप, तीन पर प्राथमिकी दर्ज
डीसी ने विभागीय पदाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. खैरकोचा पुलिया एवं पीसीसी सड़क मरम्मत के लिए ग्रामीण विकास विभाग को 15 दिनों में प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया.
शहीद जवान के आश्रित को राहत
दिवंगत सेना जवान के आश्रित को भूमि बंदोबस्ती मामले में अंचल अधिकारी, राजनगर को एक सप्ताह के भीतर आदेश निर्गत करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि शहीद परिवारों के मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
यह भी पढ़ें: रांची: चुटिया थाने की पुलिस ने ब्राउन शुगर किया बरामद, पैडलर गिरफ्तार

अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
लाल बिल्डिंग चौक पर सर्विस रोड के अतिक्रमण और जाम की समस्या पर नगर परिषद व यातायात पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर 7 दिनों में सड़क खाली कराने को कहा गया. जनता दरबार में अपर उपायुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, डीसीएलआर, सभी अंचल अधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने कहा कि हर शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा ताकि आमजन सीधे अपनी बात रख सकें.
