Palamu: पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में आगामी विभागीय जनजातीय भाषा की परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया, कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करने का निर्देश
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच कर ली जाए. परीक्षा केंद्र पर जैमर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे ( मोबाइल फोन, टैब, स्मार्ट वॉच ) गैजेट, प्रवेश पत्र, कक्ष निर्धारण इत्यादि की जांच परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पूर्व ही करे एवं अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास की प्रक्रिया को सरल एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया जाए.

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल परीक्षा कक्ष की व्यवस्था
आयुक्त के निर्देशानुसार अभ्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में मेडिकल किट, बिस्किट, पानी और सी.सी.टीवी. की व्यवस्था की गई है. आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. इसके साथ ही आयुक्त ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल परीक्षा कक्ष की व्यवस्था कराई है, जिससे उन्हें परीक्षा देने में कोई कठिनाई नहीं हो सके.
बैठक में परीक्षा सामग्री की सुरक्षा एवं गोपनीयता को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. आयुक्त ने कहा कि प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्रियों के सुरक्षित रख-रखाव एवं समय पर वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि विभागीय जनजातीय भाषा परीक्षा महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शांति एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ें: रांची: 13 दिवसीय कमर्शियल हॉर्टीकल्चर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, स्वरोजगार और आयवृद्धि के बताए गए उपाय
