Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज पल पल बदल रहा है. राजधानी रांची में शनिवार को झमाझम बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर मंडराता चक्रवाती परिसंचरण और दूसरी तरफ पाकिस्तान से लेकर आंध्र प्रदेश तक फैली विनाशकारी ट्रफ लाइन ने मिलकर राज्य के मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है. अगले 24 घंटों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है. राज्य के कई हिस्सों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है. फिलहाल अगले तीन घंटे में गुमला, खूंटी और रांची में गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है.
यह भी पढ़ें: NEWS WAVE IMPACT : चलती मालगाड़ी से कोयला लूट की खबर पर RPF ने लिया संज्ञान, जांच का आदेश जारी
तोपचांची में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश हुई. धनबाद के तोपचांची में 77.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं डाल्टनगंज 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं रांची के नामकुम में पारा लुढ़ककर 17.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. पिछले 24 घंटे में बोकारो में 34.2 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला में 32.0 से 33.4 डिग्री सेल्सियस, खूंटी व लोहरदगा में 32.2 से 32.1 डिग्री सेल्सियस, लातेहार में 28.4 डिग्री सेल्सियस और रांची में 27.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
आज और कल 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 30 मई और कल यानी 31 मई को गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, रांची, सिमडेगा और पूरे दक्षिणी भाग पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है. राज्य के बाकी हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 1 से लेकर 5 जून तक उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में लगातार आंधी-पानी और ब्रजपात की संभावना है.
अगले 24 घंटे में तापमान में बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव की संभावना नहीं है. 1 जून से मौसम यू-टर्न लेगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में राज्य के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होगी.
रांची में अगले एक सप्ताह में कैसा रहा मौसम का मिजाज?
राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बादलों और गरज-चमक का खेल जारी रहेगा. 30 और 31 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ बारिश होगी, जहां तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 1 जून को पारा बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस, 2 जून को 34 डिग्री सेल्सियस और 3 जून को 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 4 जून को मौसम अचानक पूरी तरह शुष्क हो जाएगा, लेकिन 5 जून को एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश की वापसी की संभावना जताई गई है.



