Bokaro: उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को जिला कोषागार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों एवं अभिलेखों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने एसएनएस-स्पर्श के तहत संचालित भुगतान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने योजना से संबंधित अभिलेखों एवं भुगतान व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निष्पादित करने का निर्देश दिया.
वित्तीय अभिलेखों का किया अवलोकन
उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संधारित अलॉटमेंट पंजी, रेड, ग्रीन एवं ब्लू पेन चेक तथा अन्य वित्तीय अभिलेखों का भी अवलोकन किया. उन्होंने कहा कि वित्तीय कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए तथा सभी प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन सुनिश्चित किया जाए.
अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अलॉटमेंट पंजी एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रैक में रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कार्यालय में सभी अभिलेख इस प्रकार संधारित किए जाएं कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके.
फाइलों पर विभाग का नाम स्पष्ट लिखने का निर्देश
उपायुक्त ने कार्यालय में संधारित सभी फाइलों के ऊपर संबंधित विभाग का नाम स्पष्ट रूप से अंकित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि फाइलों एवं अभिलेखों के उचित वर्गीकरण से कार्य निष्पादन में सुविधा होगी तथा कार्यालय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनेगी. उन्होंने कोषागार कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सभी कार्यों का निष्पादन तत्परता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ करने तथा कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा.
ALSO READ : प्रमंडलीय आयुक्त ने राजस्व, भू-अर्जन एवं खनन की समीक्षा की, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश



