Ranchi: उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने आज नगड़ी स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और तकनीकी उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
ईवीएम सुरक्षित एवं निरीक्षण आवश्यक
निरीक्षण के समय उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, नगड़ी के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. उपायुक्त ने अधिकारियों से वेयरहाउस में रखी ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम के सुरक्षित संरक्षण और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण है.

ज्ञात हो कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के तहत ईवीएम वेयरहाउस का नियमित निरीक्षण किया जाता है. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, रखरखाव एवं तकनीकी संसाधनों की स्थिति का आकलन कर उसकी रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेजी जाती है.
