Ranchi: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लड़की के पिता ने इस संबंध में लालपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर अपनी बेटी की सुरक्षित खोजबीन करने की गुहार लगाई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.

सुबह 11 बजे बिना बताए निकली घर से
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, लालपुर थाना क्षेत्र के वर्दवान कंपाउंड स्थित गुलमोहर पार्क के रहने वाले अरविंद कुमार गुप्ता (पिता- वीर चन्द्र प्रसाद) की 17 वर्षीय बेटी सिमरन कुमारी अचानक गायब हो गई है. पीड़िता के पिता ने बताया कि बीते कल (29 मई) सुबह करीब 11 बजे सिमरन बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं निकल गई. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई.
घर पर ही छोड़ गई अपना मोबाइल
परिजनों के अनुसार, सिमरन अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ कर गई है, जिससे उससे संपर्क कर पाना नामुमकिन हो रहा है. इसके अलावा, वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी काफी सक्रिय रहती थी. परिजनों ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों, दोस्तों और आस-पड़ोस में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं भी कोई सुराग नहीं मिल पाया. थक-हारकर पीड़ित पिता अरविंद कुमार गुप्ता ने 30 मई 2026 को लालपुर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर न्याय और मदद की अपील की है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से निवेदन किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित खोजबीन की जाए ताकि उनकी बेटी सही-सलामत घर वापस आ सके. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और लड़की के इंस्टाग्राम अकाउंट व अन्य संभावित सुरागों के जरिए उसकी तलाश में जुट गई है.
