Hazaribagh: असम से अपने घर झारखंड लौट रहे 45 वर्षीय पोकलेन ऑपरेटर सहदेव यादव बीते 20 मई से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं. पिछले 10 दिनों से उनका अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिसके बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी अनहोनी की आशंका से बेहद चिंतित हैं.

सीएम हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हजारीबाग पुलिस और जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. लापता सहदेव यादव मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड अंतर्गत ग्राम कोल्हुआ कला (बाराडीह)के रहने वाले हैं. वे असम में पोकलेन ऑपरेटर के रूप में काम करते थे. 20 मई को वे असम से झारखंड अपने घर के लिए निकले थे. परिजनों के मुताबिक, आखिरी बार उनसे गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के पास फोन पर बात हुई थी. उसके बाद से ही उनका मोबाइल फोन लगातार बंद (स्विच ऑफ) आ रहा है और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है.
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दिए सख्त निर्देश:
सोशल मीडिया और प्रवासी श्रमिक सेल के माध्यम से मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे गंभीरता से लिया है. मुख्यमंत्री ने हजारीबाग पुलिस और हजारीबाग के उपायुक्त को टैग करते हुए मामले की तुरंत जांच करने और की गई कार्रवाई से सूचित करने का आदेश दिया है.
